केदारनाथ धाम के लिए 15 सितंबर से फिर शुरू होगी हेली सेवा, 7 सितंबर से बुक होंगे टिकट

चारधाम यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत के साथ केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए हेली सेवा भी दोबारा शुरू होने जा रही है। 15 सितंबर से गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी हेलीपैड से केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं का संचालन किया जाएगा। हेली सेवा के लिए टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग 7 सितंबर को सुबह 11 बजे से शुरू होगी।

मानसून के दौरान सुरक्षा कारणों को देखते हुए केदारनाथ के लिए हेली सेवाओं पर अस्थायी रोक लगाई गई थी। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने मानसून अवधि के बाद हेलीपैड और संचालन व्यवस्था का निरीक्षण करने के बाद 15 सितंबर से सेवाएं बहाल करने की अनुमति प्रदान कर दी है।

आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से श्रद्धालु 7 सितंबर से हेली टिकट बुक कर सकेंगे। फिलहाल 15 सितंबर से 30 सितंबर तक की यात्रा के लिए टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में केदारनाथ पहुंचने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

इस वर्ष केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुलने के साथ ही हेली सेवाएं भी शुरू कर दी गई थीं। गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर के जरिए केदारनाथ पहुंचाया जा रहा था। हालांकि, मानसून सीजन को देखते हुए DGCA के निर्देश पर 25 जून से हेली सेवा को रोक दिया गया था।

यूकाडा के सीईओ प्रतीक जैन के मुताबिक, तीनों हेलीपैड से कुल नौ एविएशन कंपनियों के माध्यम से केदारनाथ के लिए हेली सेवा संचालित की जाती है। DGCA से अनुमति मिलने के बाद अब 15 सितंबर से सेवाओं को फिर से शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.