करीब डेढ़ साल की देरी के बाद हरिद्वार में जिला पंचायत के चुनाव हुए। जिला पंचायत चुनाव में भाजपा पहली बार सीधे अध्यक्ष बनाने की स्थिति में पहुंच गई है। भाजपा न केवल सबसे बड़ा दल बनकर उभरी बल्कि उसने बसपा के एक सदस्य सहित कई निर्दलीयों को अपने पाले में शामिल कर लिया। पिछले बोर्ड में भाजपा के तीन ही सदस्य जीते थे। बाद में कुछ और सदस्य भी भाजपा के साथ आए थे।
हरिद्वार जिला पंचायत अध्यक्ष पद पहली बार भाजपा की झोली में जाना तय माना जा रहा है। जिला पंचायत की कुल 44 सीटों में से भाजपा के 14 अधिकृत प्रत्याशी जीते हैं। जबकि, शुक्रवार और शनिवार को 12 नव निर्वाचित सदस्य भाजपा में शामिल हो गए। माना जा रहा है कि कई और सदस्य जिपं चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
लेकिन इस बार सभी नए चेहरे जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीते हैं। जिले के सबसे बड़े ब्लाक बहादराबाद में भाजपा की बड़ी जीत हुई है। यहां पार्टी के सात उम्मीदवार विजयी रहे। नवनिर्वाचित 12 अन्य सदस्यों ने पिछले दो दिन में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। इससे जिपं अध्यक्ष के पद पर भाजपा की ताजपोशी तय मानी जा रही है।