उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ावा देने के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय की नई योजना प्रस्तावित है। लैंसडौन, रामनगर, नैनीताल में हेलीकॉप्टर सेवा के लिए बुनियादी ढांचा विकसित करने के साथ अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ व श्रीनगर में नए हेलीपोर्ट विकसित किए जाएंगे।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर सिन्हा, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष विपिन कुमार ने उत्तराखंड के लिए विमानन विकास का रोडमैप प्रस्तुत किया। उन्होंने अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और श्रीनगर में नए हेलिपोर्ट विकसित करने का प्रस्ताव रखा। इससे क्षेत्रीय हवाई संपर्क मजबूत होगा और दूरस्थ क्षेत्रों तक विमानन सेवाओं का विस्तार होगा। पर्वतीय क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर संचालन को सुरक्षित बनाने के लिए अतिरिक्त मौसम निगरानी प्रणाली स्थापित किए जाएंगे।
बैठक में बताया गया कि चारधाम हेली सेवाओं का पहला चरण 19 अप्रैल से 26 जून 2026 तक सफलतापूर्वक संचालित हुआ। दूसरा चरण 15 सितंबर 2026 से प्रस्तावित है। इस मध्यावधि का उपयोग सुरक्षा मानकों को मजबूत करने और आवश्यक अवसंरचना विकसित करने पर किया जाएगा। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को आगामी चरण से पहले सुरक्षा और अवसंरचनात्मक कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।