सीएम धामी आज श्रीनगर में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि के चौरास परिसर में आयोजित सूर्य देवभूमि चैलेंज 2.0 प्रतियोगिता के समापन समारोह पर पहुंचे। इस दौरान सेना के जवानों और छात्रों ने सीएम का भव्य स्वागत किया।
भारतीय सेना और उत्तराखंड पर्यटन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सूर्य देवभूमि चैलेंज के द्वितीय संस्करण का समापन गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में हो रहा है।
समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे हैं। ओलम्पिक पदक विजेता मुक्केबाज विजेंद्र सिंह बेनिवाल भी समारोह में शामिल हुए।
यह प्रतियोगिता सीमांत ग्रामीण क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देना व पारम्परिक यात्रा मार्गो को पर्यटन से जोड़ने के उदेश से किया जा रहा है। जिसके तहत 113 किलोमीटर लंबी इस कठिन सहनशक्ति प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 300 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रतिभागियों को दुर्गम पहाड़ी मार्गों से गुजरते हुए विभिन्न चरणों में अपनी शारीरिक क्षमता, धैर्य और कौशल का प्रदर्शन करना पड़ा। कार्यक्रम की शुरुआत 16 अप्रैल को बद्रीनाथ में आयोजित एक्सपो के साथ हुई।
इसके बाद 17 अप्रैल को हेलंग से कलगोट, 18 अप्रैल को कलगोट से मंडल और 19 अप्रैल को मंडल से उखीमठ तक मैराथन चरण आयोजित किए गए।
प्रतियोगिता का भव्य समापन आज गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर स्थित स्वामी मनमथन सभागार में आयोजित हो रहा है। समापन समारोह में प्रतियोगिता के प्रतिभागियों के साथ गढ़वाल स्काउट्स के जवान, विवि के छात्र आदि मौजूद हैं। मुख्यमंत्री द्वारा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।