नशामुक्ति अभियान के तहत स्टेट नर्सिंग कॉलेज में छात्र-छात्राओं ने ली नशे से दूर रहने की शपथ

प्रदेश में चल रहे 100 दिवसीय नशामुक्ति अभियान को गति देने के लिए बुधवार को देहरादून स्थित स्टेट नर्सिंग कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने नशे से पूरी तरह दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं को नशे के खिलाफ संकल्प दिलाते हुए कहा कि युवा शक्ति देश और प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या का असर केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवार और समाज भी प्रभावित होते हैं।

डॉ. रावत ने कहा कि युवाओं को खुद नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके नुकसान के बारे में जागरूक करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से नर्सिंग और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र के विद्यार्थी लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के साथ नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।

कैबिनेट मंत्री ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को जनांदोलन का रूप देने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि युवाओं का संकल्प, व्यवहार और जागरूकता समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

इस दौरान नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार, दोस्तों तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। विद्यार्थियों ने स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में नर्सिंग काउंसिल की रजिस्ट्रार मनीषा ध्यानी, स्टेट नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्य ममता कपरुवाण समेत विभागीय अधिकारी, नर्सिंग फैकल्टी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.