भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज और उत्तराखंड के गौरव ऋषभ पंत की रात 12:46 बजे की गई सोशल मीडिया एक्स की पोस्ट शनिवार को दिनभर वायरल रही। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भावुक अपील की कि वे अपने घर उत्तराखंड लौटना चाहते हैं लेकिन जमीन नहीं मिल रही। सीएम धामी ने उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अधिकारी जल्द ही उनसे संपर्क करेंगे।
सीएम धामी ने दिया जवाब, आप हमारे गौरव, जल्द मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्रिकेटर ऋषभ पंत को शाबाशी दी। उन्होंने ऋषभ के पोस्ट के जवाब में एक्स पर लिखा कि, प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखंड के गौरव हैं। आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। अपनी मातृभूमि के प्रति आपका यह प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है। आगे सीएम धामी ने लिखा, आपके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। वे शीघ्र ही आपसे संपर्क कर नियमानुसार हर संभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।
रुड़की में लंबे समय रहा है ऋषभ का परिवार
ऋषभ पंत का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उनका परिवार हरिद्वार जिले के रुड़की के निकट ढंडेरा क्षेत्र में लंबे समय तक रहा। पंत ने अपने शुरुआती दिनों में रुड़की और आसपास समय बिताया। यहीं से क्रिकेट के प्रति उनका लगाव मजबूत हुआ। बाद में बेहतर प्रशिक्षण के लिए वह दिल्ली चले गए, जहां उन्होंने कड़ी मेहनत के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई। वर्ष 2022 में रुड़की में हुई भयंकर सड़क दुर्घटना के बाद उन्होंने जिस तरह वापसी की, उसे खेल जगत में प्रेरणादायक उदाहरण माना जाता है।