dainik khabar

सीएम हेल्पलाइन की डीएम ने की समीक्षा, 92 लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में आमजन की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं संतोषजनक समाधान को लेकर सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सीएम हेल्पलाइन की विस्तृत समीक्षा की।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभागवार लंबित शिकायतों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वर्तमान में सीएम हेल्पलाइन पर विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 92 शिकायतें लंबित हैं। इनमें एल-1 स्तर पर 83 और एल-2 स्तर पर 9 शिकायतें शामिल हैं।

विभागवार लंबित मामलों में पुलिस विभाग के 17, राजस्व विभाग के 7, नगर पालिका के 6, यूपीसीएल, लघु सिंचाई एवं सिंचाई विभाग के 5-5, वन विभाग के 4, जबकि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग तथा उत्तराखंड पेयजल निगम के 3-3 प्रकरण शामिल हैं। जिलाधिकारी ने अधिक लंबित प्रकरण वाले विभागों को विशेष प्राथमिकता के साथ शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि एल-1 स्तर की शिकायतों का समयसीमा के भीतर प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि मामले अनावश्यक रूप से एल-2 स्तर तक न पहुंचें। उन्होंने एल-2 स्तर पर लंबित प्रत्येक शिकायत की संबंधित अधिकारियों को स्वयं समीक्षा करने तथा वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के साथ शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर उसकी संतुष्टि सुनिश्चित करने को भी कहा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शासन, प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसका उद्देश्य केवल शिकायतों का औपचारिक निस्तारण करना नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं का वास्तविक, प्रभावी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों की संख्या न्यूनतम रखने और शिकायतों पर संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, एसडीएम बी.सी. पंत, एएमए जिला पंचायत अनिल जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, पुलिस विभाग से अपर उपनिरीक्षक सुभाष सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.