पहली बार छह लाख छात्रों को निशुल्क कॉपियों का उपहार, समग्र शिक्षा अभियान के तहत मिलेगा लाभ

नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत के साथ इस बार सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकों के साथ कॉपियां भी मिलेंगी। निदेशालय स्तर से कॉपियां पहुंचनी शुरू हो गई हैं। ऐसे में बुधवार से स्कूल खुलने के साथ ही बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और बढ़ने वाली है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत हरिद्वार जिले के करीब छह लाख विद्यार्थियों को निशुल्क कॉपियों का वितरण किया जाएगा।

रुड़की स्थित हरिद्वार जिले के निशुल्क पाठ्य पुस्तक भंडारण एवं वितरण केंद्र पर कॉपियों की खेप पहुंचनी शुरू हो गई है। योजना के तहत कक्षा 1 और 2 के प्रत्येक छात्र को एक-एक कॉपी, कक्षा 3, 4 और 5 के विद्यार्थियों को तीन-तीन कॉपियां और कक्षा 6 से 12 तक के प्रत्येक छात्र को पांच-पांच कॉपियां निशुल्क प्रदान की जाएंगी। केंद्र के प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि कॉपियां पहुंचनी शुरू हो गईं हैं।
जिले में छह लाख छात्रों को इनका वितरण होगा। उम्मीद है एक माह के अंदर सभी छात्रों को निशुल्क कॉपियां उपलब्ध करा दी जाएंगी। ज्ञात हो कि दिसंबर 2025 में मुख्यमंत्री ने निशुल्क कॉपियां उपलब्ध कराने की घोषणा की थी लेकिन नया सत्र शुरू होने के बाद भी कॉपियां नहीं पहुंचीं थीं। हालांकि निशुल्क किताबों का सभी स्कूलों में शत प्रतिशत वितरण किया जा चुका है।
देरी की वजह भी हुई दूर

सूत्रों के अनुसार, निदेशालय स्तर पर आठ जिलों के लिए पाठ्य पुस्तकों के ढुलान का टेंडर जारी किया गया था लेकिन उसमें कॉपियों के परिवहन का उल्लेख नहीं था। इसी कारण कॉपियों का वितरण शुरू नहीं हो पाया था। बाद में निदेशालय ने टेंडर लेने वाली कंपनी को ही कॉपियों के परिवहन और आपूर्ति की जिम्मेदारी सौंप दी। इसके बाद अब कॉपियां जिलों में पहुंचनी शुरू हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.