कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को सुगम और सुरक्षित रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार हरिद्वार और ऋषिकेश रेलवे स्टेशन सहित आसपास के 10 रेलवे स्टेशनों को भी कुंभ संचालन योजना में शामिल किया जा रहा है। इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। विभिन्न ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की भी तैयारी की जा रही है।
कुंभ के दौरान विशेष ट्रेनों के संचालन के साथ-साथ कई नियमित ट्रेनों के स्थानीय स्टेशनों पर अस्थायी ठहराव का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को हरिद्वार स्टेशन तक ही सीमित न रहना पड़े। इससे भीड़ का बेहतर प्रबंधन होगा। रेलवे, राज्य सरकार और जिला प्रशासन के बीच समन्वय बनाकर पूरी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। ज्वालापुर, मोतीचूर और अन्य स्टेशनों पर सुरक्षा दीवार, गेट, फर्श, पेयजल और शौचालय की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के कार्य भी शुरू कर दिए गए हैं।
कुंभ मेले के लिए रेलवे की ओर से सभी इंतजाम किए जा रहे हैं। रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। विकास कार्यों के अलावा अन्य जरूरी काम किए जा रहे हैं। – महेश यादव, सीनियर डीसीएम, मुरादाबाद मंडल