dainik khabar

रुड़की उपचुनाव, नतीजे घोषित, खेलपुर में अंशु ने 862 मतों से दर्ज की जीत, बनीं ग्राम प्रधान

खेलपुर गांव में ग्राम प्रधान पद के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना बुधवार को पूरी होने के बाद परिणाम घोषित कर दिया गया। इसमें महिला प्रत्याशी अंशु ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को बड़े अंतर से हराकर जीत हासिल की। उन्होंने दूसरे स्थान पर रहीं पूनम को 862 मतों से पराजित किया। जीत की घोषणा होते ही अंशु के समर्थकों में खुशी का माहौल है।

बुधवार सुबह भगवानपुर खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई। ग्राम प्रधान पद के लिए तीन महिला प्रत्याशी मैदान में थीं। मतगणना के दौरान अंशु शुरुआत से ही बढ़त बनाए रहीं और अंत तक अपनी बढ़त कायम रखते हुए विजयी घोषित हुईं। चुनाव अधिकारी एवं भगवानपुर के खंड विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद जोशी ने बताया कि मतगणना निर्धारित समय पर शुरू कराई गई। खेलपुर गांव में कुल 2508 मत पड़े थे। इनमें से अंशु को 1650, पूनम को 788 और तीसरी प्रत्याशी रूबी को 20 मत प्राप्त हुए। मतगणना में 50 मत निरस्त पाए गए। इस तरह अंशु ने पूनम को 862 मतों के अंतर से हराकर ग्राम प्रधान पद पर जीत दर्ज की।
परिणाम की आधिकारिक घोषणा के बाद खंड विकास अधिकारी कार्यालय के बाहर मौजूद समर्थकों ने नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान अंशु का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। समर्थकों ने उनके समर्थन में नारेबाजी कर खुशी जताई। इस दौरान अंशु ने जीत दिलाने के लिए गांव के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गांव में रुके हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। वहीं, मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्र पर पुलिस बल तैनात रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.