कार्तिक पूर्णिमा का पर्व हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व रखता है। कार्तिक महीने की पूर्णिमा तिथि पर देशभर में श्रद्धालु पूजा-पाठ, दीपदान और दान-पुण्य करते हैं। इस दिन पवित्र नदियों और सरोवरों में स्नान की भी विशेष मान्यता है। इसी परंपरा के तहत धर्मनगरी हरिद्वार में भी सोमवार को कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए श्रद्धालु हरकी पैड़ी समेत विभिन्न गंगा घाटों पर पहुंचे।
गंगा में डुबकी लगाकर लोगों ने पूजा-अर्चना की और दीपदान किया। स्नान पर्व को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए हैं। सोमवार रात 12 बजे से स्नान पर्व समाप्त होने तक शहर में भारी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी। यातायात का दबाव बढ़ने पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
ये रहेगी वाहनों के लिए व्यवस्था
– दिल्ली-मेरठ से आने वाले वाहन नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में पार्किंग रहेगी।
– यातायात का दबाव बढ़ने पर वैकल्पिक मार्ग : दिल्ली-मेरठ से आने वाले वाहनों को नगलाइमरती से लक्सर, फेरुपुर, जगजीतपुर, एसएम तिराहा, शनि चौक और श्रीयंत्र पुलिया होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।
– दिल्ली-पंजाब-हरियाणा से देहरादून जाने वाले वाहनों को यातायात का दबाव बढ़ने पर सहारनपुर, मंडावर, भगवानपुर, सालियर, बिहारीगढ़ और मोहंड होते हुए देहरादून-ऋषिकेश भेजे जाएंगे।
– दिल्ली-मेरठ से देहरादून जाने वाली बसें रामपुर तिराहा, देवबंद, कोलकी टोल टैक्स, बिहारीगढ़ और मोहंड के रास्ते भेजी जाएंगी।
– मुरादाबाद-नजीबाबाद से आने वाले छोटे वाहन चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौकी होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। नीलधारा और गौरीशंकर पार्किंग में वाहन खड़े होंगे।
– मुरादाबाद-नजीबाबाद से आने वाले बड़े वाहन डायवर्ट कर गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग में भेजे जाएंगे।
– देहरादून-ऋषिकेश से आने वाले वाहन नेपाली फार्म, रायवाला होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। लालजीवाला पार्किंग में वाहन खड़े होंगे।
– देहरादून-ऋषिकेश से दिल्ली-मेरठ जाने वाले वाहन रायवाला, चंडी चौक और एनएच-344 होते हुए दिल्ली-मेरठ जाएंगे।
– देहरादून-ऋषिकेश से नजीबाबाद जाने वाले वाहन रायवाला, चंडी चौक और श्यामपुर होते हुए नजीबाबाद जाएंगे।
ऑटो-विक्रम के लिए भी डायवर्जन
– देहरादून, ऋषिकेश और रायवाला की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम को यातायात का दबाव बढ़ने पर जयराम मोड़ तक ही आने दिया जाएगा। इसके आगे प्रवेश नहीं मिलेगा।
– ज्वालापुर और जटवाड़ा पुल की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम रानीपुर मोड़, देवपुरा होते हुए बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन की ओर जा सकेंगे। कनखल की ओर जाने वाले वाहनों को तुलसी चौक से यू-टर्न लेकर जाना होगा।
– बीएचईएल की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम भगत सिंह चौक, टिबड़ी फाटक, पुराने रानीपुर मोड़ और देवपुरा होते हुए बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन की ओर जाएंगे।
– ललतारौ पुल से शिवमूर्ति चौक तक ऑटो, विक्रम और टैक्सी समेत सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
– बैरागी कैंप पार्किंग से आने वाले ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा शंकराचार्य चौक से तुलसी चौक तक जाकर यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे।
– देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक के अंदर तक ई-रिक्शा और ई-ऑटो का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
