नौ लाख से अधिक पेंशन लाभार्थियों को बड़ी राहत, सीएम धामी ने 146 करोड़ रुपये की राशि की जारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नौ लाख 87 हजार से अधिक पेंशन लाभार्थियों को बड़ी राहत दी। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के तहत 146 करोड़ 32 लाख रुपये से अधिक की पेंशन राशि सीधे उनके खातों में भेजी। भुगतान जुलाई 2026 माह की पेंशन के लिए किया गया है।

सीएम कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा, सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि का हस्तांतरण समय पर और पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है। इससे पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचना है। मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि कमजोर वर्ग सरकार के परिवार का हिस्सा है। उन्होंने कहा, किसी बुजुर्ग, विधवा या दिव्यांग को पेंशन के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सरकार का संकल्प प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक उसका अधिकार दिलाना है।
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि जुलाई 2026 की पेंशन किस्त का भुगतान किया गया है। इसमें राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं। इन्हें एसएनए स्पर्श नाम की नई प्रणाली से भुगतान मिल रहा है। जुलाई 2026 में कुल 9,87,017 लाभार्थियों को पेंशन का लाभ मिला। कार्यक्रम में श्रीधर बाबू अद्दांकी, निदेशक संजय टोलिया, निदेशक संजय कुमार, सुंदर लाल सेमवाल, योगेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।

किस पेंशन के लिए कितनी धनराशि हुई जारी

वृद्धावस्था पेंशन के 6,15,628 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से 92.34 करोड़ रुपये दिए गए। विधवा पेंशन के 2,36,983 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से 35.54 करोड़ रुपये की धनराशि मिली। दिव्यांग पेंशन के 89,128 लाभार्थियों को 1,500 रुपये की दर से 13.36 करोड़ रुपये वितरित किए गए। किसान पेंशन के 27,288 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से 3.2 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ। परित्यक्ता पेंशन के 8,284 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से करीब 99 लाख रुपये मिले। भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली पेंशन और बौना पेंशन के लाभार्थियों को भी राशि वितरित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.